बागेश्वर। कपकोट के सलिंग, सलिंग उडियार के लोगों ने काफलीकमेड़ा सड़क के लिए नए सिरे से सर्वे करने का विरोेध किया है।
इन गांवों के लोगों ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन देकर कहा कि नए सिरे से सर्वे करने से सलिंग और सलिंग उडियार के 80 परिवारों की कृषि योग्य भूमि बर्बाद हो जाएगी। आवासीय मकानों के लिए खतरा पैदा हो जाएगा। दोनों गांवों की जमीन काफी कमजोर है। सड़क का नए सिरे से सर्वे नहीं होना चाहिए। जो सड़क काफलीकमेड़ा के लिए पहले से बनी है, उसी की मरम्मत होनी चाहिए। यदि जबरन सर्वे की तो ग्रामीण इसका विरोध करेंगे।
गौरतलब है कि काफलीकमेड़ा सड़क इस बरसात में बुरी तरह से दरकी है। सड़क पर बीते चार जून से यातायात बाधित है। जुलाई में डीएम अनुराधा पाल ने सड़क का निरीक्षण करने के बाद सड़क का अलाइनमेंट बदलने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि वर्तमान सड़क आवागमन लायक नहीं रह गई है। ज्ञापन देने वालों में खड़क सिंह, चामू सिंह, खुशाल सिंह, प्रताप सिंह, हर सिंह, भवान सिंह, चंचल सिंह, हर्ष सिंह समेत 29 लोगों के हस्ताक्षर हैं। संवाद