बागेश्वर। बागेश्वर पोस्ट आफिस में मंगलवार को दूसरे दिन कामकाज हो पाया लेकिन सर्वर धीमा होने से कामकाज प्रभावित हुआ। पोस्ट आफिस का सर्वर ठप होने से सोमवार को लेनदेन प्रभावित रहा था। लोग बगैर काम कराए वापस लौटे। मंगलवार को स्थिति कुछ सुधरी लेकिन सर्वर धीमा होने से कामकाज करने में देरी हुई। लोगों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा। सोमवार को कामकाज ठप होने और मंगलवार को धीमी गति से काम होने से पोस्ट आफिस में ग्राहकों की भीड़ रही। एसपी पोस्टल अल्मोड़ा राजेश कुमार बिनवाल ने कहा कि सर्वर में आई खराबी के कारण दिक्कत आई। मंगलवार को कामकाज सुचारु रहा। संवाद