बागेश्वर। डीएम अनुराधा पाल ने जिला कार्यालय में मासिक समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों से वसूली में तेजी लाकर बकायेदारों से वसूली करने के लिए कहा। लंबित वादों को का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम पाल ने पुलिस को विभिन्न अभियोगों में समयबद्ध ढंग से और पुराने प्रकरणों की विवेचना जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। राजस्व और नियमित पुलिस को विभिन्न न्यायालयों से प्राप्त सम्मन, नोटिस, वारंट आदि की व्यक्तिगत तामीली कराने के लिए कहा। आबकारी अधिकारी को निरंतर प्रवर्तन कार्य में वृद्धि लाने, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को राजस्व में बढ़ोतरी और यातायात नियमों का पालन करवाने, एसडीएम, पुलिस और परिवहन विभाग से संयुक्त टीम बनाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोकने और कार्रवाई करने के लिए कहा।
राज्य कर विभाग को जीएसटी वसूली बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभिहित अधिकारी को त्योहारों के मद्देनजर असुरक्षित खाद्य पदार्थ के निर्माण, बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने, जिला पूर्ति अधिकारी को सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान, डीजल, पेट्रोल पंप और गैस वितरण प्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखने और निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम एनएस नबियाल, एसडीएम मोनिका, सीओ एसएस राणा, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, तहसीलदार तितिक्षा जोशी, दीपिका आर्या आदि मौजूद रहे।