बागेश्वर। जिला मुख्यालय के साथ कपकोट और कांडा तहसील मुख्यालय पार्किंग असुविधा का सामना कर रहे हैं। जिला मुख्यालय में बजट के अभाव में पार्किंग का काम रुका हुआ है तो तहसील मुख्यालयों के प्रस्ताव शासन में लंबित हैं।
जिला मुख्यालय में एक भी स्थायी पार्किंग नहीं है। नगरपालिका दो स्थानों पर सड़क किनारे पार्किंग का संचालन करती है। दो निजी पार्किंग भी नगर में हैं। पार्किंग सुविधाओं के अभाव को देखते हुए वर्ष 2020 में दो मंजिली पार्किंग के लिए दो करोड़ 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। पालिका ने गरुड़ रोड पर पार्किंग का निर्माण शुरू किया। निर्माण कार्य के लिए केवल 50 लाख रुपये मिले। इस रकम से भूतल का काम पूरा नहीं हुआ। वर्ष 2021 से पार्किंग का काम रुका है।
कपकोट और कांडा तहसील मुख्यालय में पार्किंग की असुविधा को देखते हुए वर्ष 2022 में पार्किंग के लिए जगह चयनित की गई। प्रस्ताव शासन को भेजा गया। प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है। डीएम अनुराधा पाल ने कहा कि जिला मुख्यालय की अवशेष रकम के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। कांडा और कपकोट में प्रस्तावित पार्किंग के लिए बजट अवमुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा।