कपकोट (बागेश्वर)। नगर की सड़कों पर जाम की परेशानी बढ़ने लगी है। सुबह के समय चहल-पहल बढ़ने से जाम के हालात बन रहे हैं। लोगों को कार्यालय और बच्चों को समय से स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है। बुधवार को नगर के डिग्री कॉलेज तिराहे के पास करीब 200 मीटर तक जाम लग गया। 20 मिनट तक लगे जाम के कारण लोग काफी परेशान दिखे। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के समय कार्यालय और स्कूलों की छुट्टी के दौरान अधिक जाम लगता है। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि नगर में जाम की गंभीर समस्या नहीं है। एक ट्रक के खराब होने के कारण कुछ देर तक जाम लगा था।