बागेश्वर। मातृ भाषा हिंदी को बढ़ावा देने की बातें अक्सर होती हैं। सरकारी स्तर पर हिंदी के प्रति किस तरह की संजीदगी दिखाई जाती है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सरकारी इंटर काॅलेज में हिंदी विषय के प्रवक्ताओं के करीब आधे पद रिक्त हैं।
जिले के इंटरमीडिएट कॉलेज में हिंदी प्रवक्ताओं के 28 पद रिक्त हैं। 26 रिक्त पदों के सापेक्ष अतिथि शिक्षक तैनात हैं जबकि दो पदों पर न प्रवक्ता हैं और न ही अतिथि शिक्षक। जिले में 61 इंटर कॉलेज हैं। 55 कॉलेज में सामान्य शाखा जबकि छह इंटर कॉलेज में महिला शाखा के हिंदी प्रवक्ताओं के पद सृजित हैं। सामान्य शाखा में 28 पदों पर स्थायी हिंदी प्रवक्ता तैनात हैं। 27 रिक्त पदों में से एक पद खाली है। महिला शाखा के पांच पदों पर स्थायी प्रवक्ताओं की तैनाती है। एक प्रवक्ता का पद रिक्त है। सीईओ जीएस सौन ने बताया कि प्रवक्ताओं के रिक्त पदों की जिम्मेदारी अतिथि शिक्षक संभाल रहे हैं। जहां हिंदी के प्रवक्ता तैनात नहीं हैं, वहां व्यवस्था जल्द सुचारु की जाएगी। संवाद