बागेश्वर। नगर क्षेत्र के मोहल्ला बिलौना निवासी पंकज पांडेय भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। पंकज के सैन्य अधिकारी बनने से बिलौना के साथ ही इलाके में खुशी का माहौल है।
बिलौना निवासी पंकज के परिवार की सैन्य परंपरा रही है। पंकज के पिता लक्ष्मी दत्त पांडेय सेना के सेवानिवृत्त हवलदार हैं। वर्तमान में डीएससी में सेवारत हैं। पंकज के दादा मोती राम पांडे भारतीय नौसेना में चीफ पेटी ऑफिसर थे। पंकज की माता गंगा पांडेय गृहिणी हैं। पंकज की 12वीं तक की पढ़ाई आर्मी स्कूल बरेली से हुई। आईएमए देहरादून में शनिवार को हुई पासिंग आउट परेड में पंकज पासआउट हुए। माता-पिता ने पंकज के कंधे पर स्टार लगाए। उनकी तैनाती सेना की आर्टिलरी यूनिट में हुई है। पंकज और परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा है। संवाद