बागेश्वर जिला अस्पताल में तैनात दोनों रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर
बागेश्वर। जिला अस्पताल में तैनात दोनों रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। बुधवार को अल्ट्रासाउंड कराने आए 30 से अधिक मरीजों को घर लौटना पड़ा। वहीं, सीमांत इलाके से आए लोगों ने निजी पैथलॉजी लैब में अल्ट्रासांउड कराया।
जिला अस्पताल के एक रेडियोलॉजिस्ट पूर्व से मेडिकल अवकाश पर चल रहे हैं। वहीं, 29 जनवरी से दूसरी रेडियाेलॉजिस्ट भी 15 दिन के अवकाश पर चली गई हैं। रेडियोलॉजिस्ट के नहीं होने से अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका है।
पेट दर्द की शिकायत होने पर पिथौरागढ़ जिले की सीमा पर बसे गांव होकरा से करीब 90 किमी की दूरी तय करने के बाद अल्ट्रासाउंड कराने आई हूं। यहां देखा तो अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका है। अब बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है। यहां आने तक ही काफी धन खर्च हो गया था, अब अतिरिक्त रुपया लगेगा।
कौशल्या देवी, मरीज, होकरा
अस्पताल में रोजाना कई गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाउंड कराने आती हैं। मैं अपने रिश्तेदार को लेकर अस्पताल आई थी, लेकिन यहां रेडियोलॉजिस्ट ही नहीं है। पहले भी कई बार अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से अल्ट्रासाउंड ठप रहा था। समस्या का स्थायी निदान होना चाहिए, ताकि लोग परेशान न हों।
बबीता मेहता, तीमारदार, चौरासी
कोट
जिला अस्पताल में रोजाना औसतन 45 लोगों के अल्ट्रासाउंड होते हैं। रेडियोलॉजिस्ट के नहीं होने से अल्ट्रासाउंड सेवा बाधित हुई है। उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है।
डॉ. वीके टम्टा, सीएमएस, जिला अस्पताल बागेश्वर