बागेश्वर। अशासकीय स्कूलों के 168 शिक्षकों को जून से वेतन नहीं मिला है। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश अंडोला ने बताया कि वेतन न मिलने से अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक बेहद परेशान हो गए हैं। शिक्षकों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि सरकार को उनके विषय में सोचना चाहिए। कोरोना काल में शिक्षकों का वेतन न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अशासकीय स्कूलों के शिक्षकों को शीघ्र वेतन दिलाने की मांग की है। उधर, मुख्य शिक्षा अधिकारी पद्मेंद्र सकलानी का कहना है कि बजट प्राप्त न होने से वेतन नहीं मिल पा रहा है। बजट के लिए डिमांड भेजी गई है। बजट आवंटित होते ही वेतन का भुगतान करा दिया जाएगा।