कपकोट/बागेश्वर। कपकोट में 15 जनवरी से उत्तरायणी मेला शुरू होगा। इस पांच दिनी मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने रूट चार्ट तय कर लिया है। इसके तहत 15 से 19 जनवरी तक भराड़ी बाजार में वाहनों का संचालन दिन में नहीं होगा। हालांकि रात के समय भराड़ी बाजार से वाहन ले जाने पर रोक नहीं होगी।
थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि शामा से आने वाले वाहन भराड़ी फायर ब्रिगेड के पास सड़क किनारे और एफसीआई गोदाम के मैदान में पार्क किए जाएंगे। शामा क्षेत्र से बागेश्वर की ओर जाने वाले वाहन शामा बैंड से बाईपास होकर पुल बाजार से कपकोट पुल की ओर आएंगे। सूपी मार्ग से आने वाले वाहनों को शामा बैंड पर सड़क किनारे पार्क कराया जाएगा। अधिक वाहन होने पर आर्मी कैंटीन की ओर जाने वाली सड़क किनारे भी पार्किंग हो सकेगी।
बागेश्वर से कपकोट आने वाले वाहन केदारेश्वर मैदान में खड़े रहेंगे। बागेश्वर से भराड़ी जाने वाले यात्रियों को वाहन चालक जाजर पुल पर उतारकर गाड़ियां केदारेश्वर मैदान में खड़ी करेंगे। मेले में आने वाले कलाकार, अधिकारी, जनप्रतिनिधियों की वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी केदारेश्वर मैदान में की गई है। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शामा बैंड और जाजर पुल पर दो चेकपोस्ट बनाए गए हैं जो वाहनों को बाजार में जाने से रोकेंगे।
बागेश्वर बाजार में भी प्रतिबंधित रहेगा टैक्सी का प्रवेश
बागेश्वर। सीओ शिवराज सिंह राणा ने टैक्सी यूनियन के सदस्यों की बैठक लेकर उत्तरायणी मेले के दौरान होने वाले रूट डायवर्जन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान पार्किंग स्थल बदलेंगे। ऐसे में वाहन चालकों को यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। मेले के दौरान बाजार में टैक्सी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।