कपकोट/बागेश्वर। कपकोट के विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करने को कहा है। नगर पंचायत के खाईबगड़ में 2.40 करोड़ की लागत से उज्ज्वला भवन का निर्माण किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल इसका निर्माण करा रही है। निर्माण कार्य शुरू हुए कुछ समय ही हुआ था कि गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिलने लगी। इसके पास ही 1.36 करोड़ की लागत से नगर पंचायत का भवन भी बन रहा है। दोनों भवनों के निर्माण में गुणवत्ता के लेकर लोगों ने विधायक से शिकायत की। शुक्रवार को विधायक ने निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निर्माण में मानकों की अनदेखी हो रही है। नगर पंचायत भवन की बुनियाद बेहद कमजोर बनी है। सीमेंट और रेत की मात्रा भी सही नहीं है। वहीं उज्ज्वला भवन में सुरक्षा दीवार आदि की गुणवत्ता ठीक नहीं है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता का ध्यान न देने पर कार्यदायी संस्थाओं और नगर पंचायत के अधिकारियों से नाराजगी जताई। कहा है कि सरकारी धन का दुरुपयोग किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा।