11 लोगों ने दिए अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र, आठ लोगों को एआरटीओ कार्यालय से मिली एनओसी
बागेश्वर। 19 अप्रैल के दिन प्रदेश में लोकसभा का चुनाव होना है, उस दिन विवाह का भी अच्छा लग्न है। चुनाव के दिन विवाह कराने वालों को प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। जिले में अब तक 11 लोगों ने अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र जमा कराए हैं, जिनमें आठ लोगों को एआरटीओ कार्यालय से वाहन संबंधी एनओसी प्राप्त हो चुकी है।
बागेश्वर तहसील में पांच, गरुड़ और कपकोट तहसील में तीन-तीन लोगों ने प्रार्थना पत्र देकर विवाह की अनुमति मांगी है। बागेश्वर के पांच और कपकोट के तीन आवेदकों को एआरटीओ कार्यालय ने वाहनों की उपलब्धता के आधार पर एनओसी प्रदान कर दी है।
इनसेट
कैसे करना होगा आवेदन
बागेश्वर। मतदान के दिन विवाह की अनुमति के लिए तहसील कार्यालय या थाने में प्रार्थनापत्र देना होगा। तहसील में आवेदन के बाद एआटीओ कार्यालय से वाहनों की उपलब्धता से संबंधित अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करना होगा। एनओसी हासिल करने के बाद विवाह के दौरान शांति भंग न होने देने से संबंधित शपथपत्र भी तहसील कार्यालय में जमा कराना होगा। दस्तावेज पूरे होने पर संबंधित तहसील कार्यालय से विवाह की अनुमति प्रदान की जाएगी। संवाद
इनसेट
अंतरजनपदीय विवाह की स्पष्ट तौर पर दें जानकारी
बागेश्वर। जिले से मिलने वाली अनुमति उसी जिले की सीमाओं तक सीमित होगी। अगर बरात दूसरे जिले में जा रही होगी तो तहसील कार्यालय में इसे स्पष्ट तौर पर बताना होगा। ताकि तहसील से ही दूसरे जिले की संबंधित तहसील को सूचित किया जा सके। आवेदक चाहे तो स्वयं भी दूसरे जिले की संबंधित तहसील में प्रार्थना पत्र दे सकता है।
कोट
मतदान के दिन होने वाले विवाह के लिए आवेदन करने वालों से वाहनों की संख्या कम रखने और छोटे वाहनों की बजाय बसों को प्राथमिकता देने की अपील की जा रही है। वाहनों की उपलब्धता और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति के आधार पर वाहनों की अनुमति प्रदान की जा रही है। -जितेंद्र वर्मा, नोडल अधिकारी एमसीसी/एसडीएम गरुड़।