सरयू नदी में कूदा हरदोई का युवक
- फोटो : अमर उजाला
बागनाथ मंदिर परिसर के समीप अग्निकुंड के पास सरयू नदी में एक व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों और फायर ब्रिगेड की टीम की मुस्तैदी से युवक को समय पर नदी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से हरदोई, उत्तर प्रदेश निवासी सोनू कुमार (45) पुत्र विजय कुमार, जो वर्तमान में नगर में राजू कैटरिंग कारीगर के यहां काम करता है, उसने अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी।
नदी में व्यक्ति के कूदते ही आसपास घूम रहे स्थानीय युवक हितेश कनवाल उर्फ टोनी, मनोज मेहता और राजा पांडे ने त्वरित तत्परता दिखाई और फायर टीम को सूचित करते हुए राहत कार्य में जुट गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय युवाओं की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि मामले जांच की जा रही है।