जिला कार्यालय में किताब कौथिग महोत्सव की तैयारी बैठक लेते डीएम अनुराधा पाल। संवाद
बागेश्वर। डीएम अनुराधा पाल ने बैजनाथ में 15 और 16 अप्रैल को आयोजित होने वाले किताब कौथिग महोत्सव की तैयारियों के लिए अधिकारियों की बैठक ली। महोत्सव संचालन के लिए समिति का गठन किया। उन्होंने कहा कि किताब कौथिक महोत्सव युवा पीढ़ी को नई दिशा दिखाने और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने में कारगार साबित होगा। पुस्तक मेला युवाओं, छात्रों, साहित्य प्रमियों में सृजन, लेखन और पठन-पाठन की अभिरुचि पैदा करेगा।
मंगलवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को आयोजन को सफल बनाने के लिए माइक्रो प्लान तैयार करने और नगर पंचायत को आयोजन स्थल की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कहा कि महोत्सव का उद्देश्य संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों के प्रति लोगों में रुचि जागृत करना भी है। कौथिग में साहित्यिक परिचर्चा, प्रसिद्ध लेखकों से मुलाकात, विज्ञान, रंगमंच, प्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति, साहसिक खेल गतिविधियां, स्कूली बच्चों के बीच प्रतियोगिताएं, आस-पास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण, वरिष्ठ साहित्यकारों का सम्मान किया जाएगा। 50 प्रकाशकों की किताबें बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।
बैठक में सीडीओ संजय सिंह, डीएफओ हिमांशु बागरी, एसडीएम हरगिरि, राजकुमार पांडे, सीईओ जीएस सौन, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या, एएमए जिला पंचायत राजेश कुमार, ईओ सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।