बागेश्वर। बागनाथ मंदिर में बृहस्पतिवार को माघी खिचड़ी के विशेष भोज का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों भक्तों ने कतारबद्ध होकर माघी खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन मंडल के हरीश सुयाल, राजू वर्मा, भूपाल गढि़या, हेम जोशी और लक्ष्मण सिंह के विशेष सहयोग से आयोजित इस भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। आयोजकों ने बताया कि माघ मास में खिचड़ी दान और प्रसाद वितरण का विशेष महत्व है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान बागनाथ के दर्शन को आने वाले भक्तों के लिए यह व्यवस्था की गई। प्रसाद वितरण के दौरान पूरा मंदिर परिसर जय बागनाथ के जयकारों से गुंजायमान रहा।