बागेश्वर के लीती में जल स्तंब से पानी भरते लोग। संवाद
बागेश्वर। कपकोट विकासखंड के लीती गांव में 10 से अधिक परिवारों के संयोजनों में एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा था। लोगों की दिक्कत अमर उजाला में उजागर होते ही लोगों को पानी मिलने लगा।
हिमालयी क्षेत्र से सटे लीती गांव में रिठकुला पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है। पिछले एक सप्ताह से गांव के 10 से अधिक परिवारों के जल संयोजनों समेत कई जल स्तंभों में भी पानी नहीं आ रहा था जबकि गांव के अन्य लोगों को लगातार पानी मिल रहा था। पेयजल के असमान वितरण के कारण यह दिक्कत आ रही थी। क्षेत्र के लोगों ने जल संस्थान के कर्मचारियों से आपूर्ति बहाल करने की मांग की लेकिन पानी से वंचित उपभोक्ताओं को पानी नहीं मिला।
अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को इस मामले को जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी तक पहुंचाया। ईई ने मामले में शीघ्र कार्यवाही करने की बात कही थी। अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में लीती के कई परिवारों को नहीं मिल रहा पानी शीर्षक से खबर छापी थी। इसका संज्ञान लेकर जल संस्थान कर्मी शुक्रवार को मौके पर पहुंचे और समस्या सुलझाई। इसके बाद शुक्रवार को लीती के सभी उपभोक्ताओं को भरपूर पानी मिला। इसके लिए महिला मंगल दल लीती की अध्यक्ष धना कोरंगा ने अमर उजाला का आभार जताया। इधर, जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि लीती में पेयजल की किल्लत नहीं रहेगी। मातहत अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित कर दिया गया है।