बागेश्वर में रक्तदान करते कांडा के थानाध्यक्ष प्रहलाद सिंह और समाजसेवी देवेंद्र गोस्वामी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। कोरोना संक्रमणकाल में जिले की पुलिस कप्तान रचिता जुयाल के नेतृत्व में पुलिस कानून-व्यवस्था का बखूबी पालन करा रही है। पुलिस के अफसर और जवान लोगों की जान बचाने के लिए अपना खून देने में भी पीछे नहीं हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती मटेना निवासी गोविंदी देवी और बागेश्वर निवासी रुबीना को खून की सख्त जरूरत थी। रक्तकोष में उनके ग्रुप का रक्त नहीं था। जिला अस्पताल के रक्तकोष प्रभारी डॉ. योगेश धर्मशक्तू ने जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय और सदस्य जगदीश उपाध्याय से संपर्क साधा। पांडेय और उपाध्याय ने सोशल मीडिया में खून की आवश्यकता वाली पोस्ट डाली। पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल के संज्ञान में भी यह बात लाए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांडा के थानाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह ने बागेश्वर के रक्तकोष पहुंचकर रक्तदान किया। समाजसेवी देवेंद्र गोस्वामी ने रक्तकोष पहुंचकर रक्तदान किया। रक्तकोष प्रभारी डॉ. धर्मशक्तू ने रक्तदाताओं का आभार जताया। जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय ने रक्तदाताओं के साथ ही पुलिस अधीक्षक का आभार जताया।