बागेश्वर में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण करतीं जिपं सदस्य वंदना ऐठानी। संवाद न्यूज एजेंस?
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। बड़ेत की जिला पंचायत सदस्य वंदना ऐठानी ने दस किमी पैदल चलकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा से ध्वस्त पैदल रास्ते, पुलिया, बिजली की लाइन, पेयजल लाइन, भूकटाव, आवासीय मकानों की सुरक्षा समेत प्रभावितों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। जिला पंचायत सदस्य वंदना ने ग्रामसभा नरगड़ा के भैसुड़ी, नरगड़, रसगड़, किटोरा, खाईन, तिब्बती तोक जैसे दुर्गम इलाकों में पैदल जाकर आपदा से प्रभावित लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रभावितों को आपदा से ध्वस्त पेयजल लाइन, पैदल रास्तों की मरम्मत, छोटी पुलिया निर्माण, बिजली लाइन की मरम्मत, कृषि योग्य भूमि, आवासीय मकानों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन से जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। ऐठानी ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में आवागमन के सभी रास्ते टूट चुके हैं। लोगों के घरों में मलबा घुसा है। तमाम जगहों में भूमि पर भूस्खलन हो रहा है, गधेरों में आवागमन के लिये बनी छोटी पुलिया बह गई है। लोग जान जोखिम में डालकर इन्हें पार कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कहा कि आपदा के समय सभी लोग आपस में तालमेल बनाकर एक-दूसरे का सहयोग करें। मदद की जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क कर सकते हैं। आपदा प्रभावित को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।