भीषण बारिश से सुदूरवर्ती प्राथमिक विद्यालय लमचूला का भवन खतरे की जद में आ गया है। भवन के पिछले भूभाग में भूस्खलन होने से भवन की कई दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई है। स्कूल के हेड टीचर ने खतरे के मद्देनजर स्कूल गांव के एएनएम सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। गांव के प्रधान मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि स्कूल भवन के पीछे सुरक्षा दीवारों का निर्माण करने के संबंध में कई बार विभाग के आला अधिकारियों को अवगत करा दिया था। विभाग ने उनकी जायज मांग को गंभीरता से नहीं लिया। जिसका परिणाम बच्चों और अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है। स्कूल के हेड टीचर चंद्रशेखर बिष्ट ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल गांव के एएनएम सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। उन्होंने आपदा मद से स्कूल भवन का निर्माण करने को कहा है।