सीएम के दौरे से पहले बदहाल सड़क पर उतरी जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर जिले के मंडलसेरा में भूल्यूड़ा तिराहे से विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को जोड़ने वाली सड़क वर्षों से उपेक्षा की शिकार थी। हर बरसात में कुंती नाले का भीषण बहाव इस सड़क को पूरी तरह तबाह कर देता था। स्थिति यह थी कि महज दो दिन पहले तक यह पूरी सड़क रोखड़ में तब्दील हो चुकी थी, जहां पैदल चलना भी दूभर था। रोजाना तीन-चार हजार लोग और स्कूल जाने वाले नन्हें-मुन्ने बच्चे जान जोखिम में डालकर इस बदहाल रास्ते से गुजरने को मजबूर थे।
जब भी स्थानीय लोग या जनप्रतिनिधि सड़क सुधरवाने की गुहार लगाते, तो विभाग और प्रशासन बजट का रोना रोकर पल्ला झाड़ लेते थे। लेकिन जैसे ही सीएम पुष्कर सिंह धामी के आगमन का कार्यक्रम तय हुआ, मानों सोए हुए प्रशासन में अचानक जान आ गई। वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क पर रातों-रात जेसीबी और अमला उतार दिया गया। जिस सड़क पर दो दिन पहले तक पत्थर और मलबे का ढेर था, उसे देखते ही देखते चलने लायक और दुरुस्त बना दिया गया।
प्रशासन की इस सुपरफास्ट कार्यप्रणाली की मंडलसेरा में जमकर चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि काश! हर महीने सीएम आते, तो शायद हमारी सड़कें भी सुधर जातीं।