बागेश्वर के कंधार में जनसभा को संबोधित करते केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट। संवाद
बागेश्वर। केंद्रीय रक्षा, पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने अग्निवीर योजना को देशहित और युवाओं के हित में बताते हुए कहा कि यह ऐसी योजना है, जिससे भारतीय फौज हमेशा जवान रहेगी।
जिला मुख्यालय में पत्रकारों से रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर योजना को लेकर विपक्ष गुमराह कर रहा है। इस योजना से बेटियों के सेना में जाने का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने कहा कि चार साल नौकरी करने के बाद अग्निवीरों को देश के अन्य संस्थानों में नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। बाकायदा अग्निवीरों को तकनीकी प्रशिक्षण देने की व्यवस्था है। उनका अहित किसी भी दशा में नहीं होने दिया जाएगा।
भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में नया पर्यटन पथ बनाने जा रही है। इस पर्यटन सर्किट से बागेश्वर का बागनाथ धाम भी जुड़ेगा। कहा कि आज विश्व महंगाई की मार झेल रहा है। भारत ने इस दौर में भी महंगाई में काफी हद तक काबू पाया है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान महंगाई की मार से त्रस्त है। पाकिस्तान में 700 रुपये किलो आटा, 600 रुपये दर्जन केले मिल रहे हैं। भारत में एक साल तक भी भुखमरी की नौबत नहीं आएगी। यदि ऐसा हुआ तो एक सौ चालीस करोड़ जनता को दो समय का अनाज दिया जा सकता है।
भट्ट ने कहा कि आज हम लोग दुखी मन से लोगों के बीच जा रहे हैं। बागेश्वर की जनता ने चंदन राम दास के रूप में एक जनसेवक खोया है। बागेश्वर की जनता ने मन बना लिया है। दावा किया कि भाजपा रिकार्ड मतों से चुनाव जीतेगी।