बागेश्वर के कोतवाली में सीओ से दुर्गा पूजा महोत्सव स्थल में सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते कमेटी के
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए बनाई जा रही दुर्गा मूर्ति को खंडित करने का आरोपी को कमेटी की पहल से पकड़ा गया। मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को उसे अकेले बाहर न छोड़ने की सख्त हिदायत दी। पूजा कमेटी ने सीओ और कोतवाल से दोबारा मिलकर महोत्सव स्थल पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
नुमाइशखेत मैदान में बनाए गए दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार रात निर्माणाधीन दुर्गा मूर्ति खंडित कर दी गई थी। कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कोतवाली का घेराव कर पूजा स्थल में सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी लगाने की मांग की थी। कमेटी के पदाधिकारियों ने आपसी विमर्श कर स्वयं के खर्च से पूजा पंडाल में दो सीसीटीवी लगाए। आरोपी सोमवार रात दोबारा वहां पहुंचा तो उसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसी आधार पर कमेटी के कार्यकर्ता राहुल, दीपक मर्तोलिया, कैलाश कर्म्याल, रचित साह ने उसे सरयू पुल के पास पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। कोतवाली में लाकर पुलिस ने उससे पूछताछ की।
कोतवाली पहुंचे कमेटी के सदस्यों ने सीओ शिवराज सिंह राणा और कोतवाल जगदीश सिंह ढकरियाल से महोत्सव स्थल की सुरक्षा बढ़ाने और अस्थायी पुलिस चौकी खोलने की मांग दोहराई। इस मौके पर नवीन लोहनी, गोविंद जगाती, नीरज पांडेय, प्रदीप साह आदि मौजूद रहे।
आरोपी की तस्वीर दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से लगाए गए सीसीटीवी में कैद हुई थी जिसकी मदद से पुलिस ने उसे पकड़ा। आरोपी मानसिक रूप से कमजोर था। इसलिए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाली पुलिस को महोत्सव क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। - शिवराज सिंह राणा, सीओ, बागेश्वर।