बागेश्वर जिला अस्पताल से जच्चा-बच्चा को घर ले जाते पुलिस कर्मी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक रचिता जुयाल के निर्देशन में जिले की पुलिस कानून व्यवस्था को संभालने के साथ ही मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए लोगोें की मदद में भी तत्परता दिखा रही है। एक ऐसे ही मामले में जिला अस्पताल से प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को घर जाने के लिए वाहन नहीं मिला तो पुलिस सरकारी वाहन से जच्चा-बच्चा को घर छोड़ आई। मिली जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय बागेश्वर में तारा देवी पत्नी नीरज सिंह निवासी मंडलसेरा ने बच्चे को जन्म दिया था। लॉकडाउन के चलते डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा को घर जाने के लिए वाहन नहीं मिल रहा था। परिजनों ने जच्चा-बच्चा को घर जाने के लिए वाहन न मिलने की सूचना पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9410393990 में दी। लाॅकडाउन ड्यूटी में तैनात यातायात प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद सरकारी वाहन से जच्चा-बच्चा और उनके परिजनों को सकुशल उनके घर पहुंचा आए। परिजनों ने पुलिस के मानवीय दृष्चिटकोण की सराहना करते हुए आभार जताया।