बागेश्वर। लॉकडाउन के दौरान लोग घरों से सामान की खरादारी के लिए न निकलें, इसके लिए जिलाधिकारी रंजना राजगुरु के निर्देश पर होम डिलीवरी की व्यवस्था की गई है, लेकिन कंट्रोल स्थापित होने के 10 दिन बाद भी होम डिलीवरी के लिए एक भी कॉल नहीं आई। जिला पूर्ति कार्यालय आवश्यक वस्तुओं की घर तक सामान की आपूर्ति करने के लिए बीती 6 अप्रैल को कंट्रोल रूम बनाया था। बाकायदा कंट्रोल रूम का फोन नंबर 9627499398, 9411386364 सार्वजनिक किया गया था। कंट्रोल रूम में कॉल करने पर अगले दिन सामान घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है लेकिन इस अवधि में एक कॉल भी कंट्रोल रूम में नहीं आई। लोग कंट्रोल रूम में फोन करने के स्थान पर बाजार में दुकानों से सामान खरीदना मुनासिब समझ रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बागेश्वर नगरपालिका क्षेत्र के राेड हेड तक आवश्यक वस्तुओं के लिए हाेम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है। इस सेवा का लाभ लेने के लिए लाेग कंट्रोल रूम के नंबरों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कॉल कर सकते हैं। डिमांड किए गए सामान की आपूर्ति विभागीय कर्मचारी अगले दिन घर पर करेंगे। उन्होंने कहा है कि लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए। इससे लोगों को बाजार आने से निजात मिलेगी।