गरुड़ की दिव्यांग हिमांशी परिहार
- फोटो : गरुड़ की दिव्यांग हिमांशी परिहार
गरुड़ (बागेश्वर )। राजकीय हाईस्कूल कुलाऊं में अध्ययनरत दिव्यांग हिमांशी परिहार (15) ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 73.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गरुड़ का नाम रोशन किया है। वह उच्च शिक्षा ग्रहण करने बाद आईएएस बनना चाहती हैं।
हिमांशी विकासखंड गरुड़ के कुलाऊं गांव निवासी चंदन सिंह परिहार की दिव्यांग पुत्री है। हिमांशी आंखों से दिव्यांग है। इस बार उनकी हाईस्कूल की परीक्षा में उन्हीं के गांव की नौवीं की छात्रा गंगा रावत सहयोगी रहीं। गंगा ने परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र पढ़ कर हिमांशी को सुनाया। प्रश्न का उत्तर देने के बाद गंगा ने उसकी उत्तर पुस्तिका में लिखा। हिमांशी ने बताया कि उनकी तमन्ना आईएएस बनने की है। उसके पिता खेती करते है और मां गृहिणी हैं। हिमांशी की तीन बहनें और एक भाई है। उनके पिता ने बताया कि वह मजदूरी कर उसे उच्च शिक्षा दिलाएंगे। संवाद