बागेश्वर के खाती गांव में मंडलायुक्त दीपक रावत को ज्ञापन देते ग्रामीण, साथ में मौजूद डीएम रीना जो
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। चार दिनी पिंडारी भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत और डीएम रीना जोशी ने जिले के अंतिम गांव खाती में जनसमस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पिंडारी ट्रैक रूट को दुरुस्त करने सहित क्षेत्र की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार को बेहतर करने की मांग की।
रविवार को खाती के लोनिवि विश्राम गृह में मंडलायुक्त और डीएम को ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि खाती से पिंडारी तक का ट्रैक रूट कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ ट्रैकरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और सर्दी के दिनों में दिक्कत अधिक बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने खाती-पिंडारी रूट पर संचार सुविधा उपलब्ध कराने, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था करने, सुंदरढूंगा ट्रैक की मरम्मत करने और नए ट्रैक विकसित करने, इंटर कॉलेज में नियमित प्रधानाचार्य नियुक्त करने अैर शिक्षकों के रिक्त पद भरने की मांग की।
ग्राम प्रधान कैलाश दानू ने खाती गांव के बीचोंबीच जाने वाले पैदल रास्तों की मरम्मत और सुधारीकरण करने और सड़क निर्माण के दौरान टूटी पेयजल लाइन की मरम्मत कराने की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम पारितोष वर्मा ईई एसके पांडेय, तहसीलदार पूजा शर्मा आदि मौजूद रहे।