बागेश्वर। जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने मुख्य कृषि अधिकारी बीपी मौर्या को निर्देश दिए हैं कि गेहूं की फसल काटते समय खेतों में अधिक भीड़-भाड़ न हो। इसके लिए सभी किसानों को सामाजिक दूरी बनायें रखने के लिए प्रेरित किया जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने कहा कि खेतों में कटार्इ के समय मॉस्क और सैनेटाइजर का उपयोग किया जाए। कहा कि किसान खेतों में झुंड के रूप में कटार्इ न करें। इसके लिए किसानों को खेतों में कटार्इ का कार्य अलग-अलग दिनों में करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में इस कार्य के लिए बाहरी क्षेत्र के किसी भी मजदूर को न लगाया जाए। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा को निर्देश दिए कि दूरदराज के क्षेत्रों में खाद्यान्न की किसी प्रकार की कोर्इ कमी न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर दुकानदारों को खाद्यान्न आपूर्ति कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न की कोर्इ परेशानी न हो। डीएम ने पशुपालकों के लिए पशुचारा की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। संवाद
बागेश्वर में 2488 लोगों ने क्वारंटीन का समय पूरा किया
बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम स्तर पर गठित टीमों के साथ ही संबंधित ग्राम प्रधान बेहतर ढंग से कार्य कर रहे हैं। इसी का प्रतिफल है कि अब तक 2900 लोगों में से 2488 लोगों ने 14 दिन का होम क्वारंटीन का समय पूरा कर लिया है, जो जिले के लिए राहत की बात है।