बागेश्वर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हो रहे उपायों के बीच तमाम संगठन और लोग सामने आ रहे हैं। बागेश्वर के एक बच्चे ने जन्मदिन के खर्च की रकम असहायों की मदद के लिए जिला रेडक्रास सोसायटी को सौंप दी।
बिलौना निवासी लक्ष्मण सिंह घनोला के पुत्र हरिओम सिंह घनोला का मंगलवार को 11वां जन्मदिन था। हरिओम ने कोरोना संक्रमण के चलते सादगी से जन्मदिन मनाने और जन्मदिन में खर्च की जानी वाली रकम में से एक हजार रुपये की धनराशि लॉकडाउन के चलते बेरोजगार हो चुके असहाय लोगों की मदद के लिए देने की मंशा परिवारजनों को बताई। परिवार ने बच्चे के प्रस्ताव को स्वीकार किया।
हरिओम के पिता लक्ष्मण सिंह धनोला ने यह रकम जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय और सदस्य जगदीश चंद्र उपाध्याय को सौंप दी। पांडे और उपाध्याय ने हरिओम के नेक विचारों की सराहना की है। बता दें कि रेडक्रास सोसायटी लोगों की मदद से गरीब लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध करा रही है।