बागेश्वर की खड़िया खान में काम करते मजदूर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। कोरोना महामारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए चल रहे लॉकडाउन में प्रशासन ने जिले के सोपस्टोन पट्टाधारकों को खनन कार्य के लिए सशर्त अनुमति दी है। खनन क्षेत्र के अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने सोपस्टोन पट्टाधारकों से शर्तों का अनुपालन कराने के निर्देश संबंधित उपजिलाधिकारी और उप निदेशक खनन को दिए हैं। अधिकारी सोपपस्टोनों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। बताया गया है कि बृहस्पतिवार को कांडा क्षेत्र की शेर सिंह धपोला सोपस्टोन माइंस धपोलासेरा, जागनाथ माइंस एवं मिनरल्स बेखत, राम भरत सोप स्टोन माइंस धपोली, उमेश चंद्र पांडे सोप स्टोन माइंस पालीचक टिटोली, मंगल सिंह सोप स्टोन माइंस ढपटी, फते सिंह परिहार सोप स्टोन माइंस और बागेश्वर में जगन्नाथ मिनरल्स माइंस का औचक निरीक्षण किया गया। पाया गया कि खनन क्षेत्रों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही मजदूर मॉस्क पहनकर काम कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने श्रमिकों का साप्ताहिक स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि नियमों का उल्लंघन कतई नहीं होना चाहिए।