बागेश्वर। नगरपालिका क्षेत्र के 169 परिवारों के सपनों का घर बनाने का रास्ता साफ हो गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इन परिवारों के घर के आवेदन को मंजूरी मिल गई है। नगरपालिका की ओर से 63 आवेदकों को योजना की पहली किस्त जारी कर दी गई है। अन्य आवेदकों को राशि प्रदान करने का कार्य चल रहा है।
वर्ष 2021-22 में नगरपालिका क्षेत्र के 242 लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था। चयन समिति ने 73 परिवारों को अपात्र माना। चयनित आवेदकों के लिए शासन से पहली किस्त जारी होने के बाद राशि वितरण का काम शुरू किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले नगरीय परिवारों को मकान बनाने के लिए 2,00,000 रुपये दिए जाते हैं। आवेदक को पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये, जबकि नक्शा पास कराने और नींव डालने के बाद आवेदक को दूसरी किस्त के रूप में 60 हजार रुपये दिए जाते हैं। छत के बाद तीसरी किस्त के रूप में 80 हजार और अंतिम किस्त के रूप में 40 हजार की राशि दी जाती है।
2019-20 के 32 आवेदकों के मकान हुए तैयार
बागेश्वर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2019-20 में 176 लोगों के मकान का आवेदन स्वीकार किया गया था। चयनित आवेदकों में से 32 लोगों ने मकान तैयार कर लिए हैं। अन्य लोगों के मकान का अंतिम चरण का काम चल रहा है।
पूर्व में चयनित 144 मकानों के निर्माण का अंतिम चरण का कार्य चल रहा है। वर्तमान में चयनित आवेदकों को पहली किस्त वितरण का काम जारी है। जल्द ही सभी चयनित लोगों को पहली किस्त का भुगतान कर दिया जाएगा। - सुरेश खेतवाल, पालिकाध्यक्ष, बागेश्वर