बागेश्वर। 18 जून को शासन और उच्च न्यायालय के निर्देश पर चलाए जाने वाले वृहद स्वच्छता अभियान के लिए नगर को पांच जोन में बांटा गया है। अभियान सुबह आठ से बारह बजे तक चलेगा। न्यायिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, नगर पालिका/नगर पंचायत, स्वयंसेवी संगठन, एनसीसी, होमगार्ड, पीआरडी जवान और जनता की ओर से श्रमदान कर गंदगी मुक्त और स्वच्छ जिले के सपने को साकार करने के लिए अभियान चलाएंगे।
स्वच्छता अभियान को लेकर जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में एडीएम सीएस इमलाल और सीनियर सिविल जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। कहा कि सुबह 07:30 बजे नुमाइशखेत मैदान में मौजूद लोगों को जिला जज स्वच्छता शपथ दिलाएंगे। नगर में बागनाथ मंदिर क्षेत्र, नुमाइशखेत मैदान से विकास भवन तक पहला, पुराना आरटीओ कार्यालय-भागीरथी नाला से जिला अस्पताल तक दूसरा, डिग्री कॉलेज से सूरजकुंड तक तीसरा, कठायतबाड़ा क्षेत्र को चौथा और अग्निकुंड हनुमान मंदिर से बिलौना तक पांचवां जोन बनाया गया है। नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। नीलेश्वर और चंडिका मंदिर क्षेत्र में भी सफाई की जाएगी। कौसानी क्षेत्र के लिए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत और जिला पर्यटन अधिकारी को नोडल बनाया गया है। नगर पंचायत गरुड़ और कपकोट के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारी नोडल बनाए गए हैं। कौसानी और कपकोट में जहां विद्यालय खुले है वहां कक्षा छह से 12 तक के बच्चों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिताएं होंगी।
एडीएम और प्राधिकरण सचिव ने नगरपालिका के ईओ को सफाई उपकरण, दस्ताने, मास्क, झाडू, कूड़ा रखने के थैले और कूड़ा गाड़ियों की व्यवस्था करने के लिए कहा। व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, मंदिर समितियों, खोखा-फड़ एसोसिएशन, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों से महाअभियान में भागीदारी करने की अपील की। बैठक में सीईओ जीएस सौन, सीओ एसएस राणा, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या, ईओ कपकोट नवीन कुमार, गरुड़ रमेश जोशी, अपर सीवीओ डॉ. कमल पंत, रेंजर श्याम सिंह करायत आदि मौजूद रहे।