बागेश्वर। नगर में बुधवार की रात हुए कार हादसे के बाद जिला अस्पताल के डॉक्टर और पालिका सभासद के बीच हुए विवाद ने कानूनी लड़ाई का रूप ले लिया है। डॉक्टर की तहरीर पर सभासद के खिलाफ बागेश्वर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हो गया है।
बुधवार रात बागेश्वर-दफौट रोड पर कार हादसे में तीन युवकों की जान चली गई थी। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद जिला अस्पताल पहुंचे पालिका सभासद धीरेंद्र परिहार और आपातकालीन ड्यूटी में तैनात डॉ. मुदित पटेल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सभासद समेत कई लोगों ने इस मामले में जिला अस्पताल परिसर में धरना दिया।
सभासद ने चिकित्सक का व्यवहार गलत बाते हुए डीएम को त्यागपत्र सौंप दिया था। डॉक्टर ने कोतवाली में सभासद के खिलाफ काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। बृहस्पतिवार को डॉक्टर की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। शुक्रवार को कोतवाली में डॉक्टर की तहरीर के आधार पर सभासद के खिलाफ केस दर्ज हो गया।
कोतवाल केएस नेगी ने बताया कि मामले की जांच एसएसआई खष्टी बिष्ट को सौंपी गई है। जांच अधिकारी बिष्ट ने बताया कि सभासद के खिलाफ आईपीसी की धारा 186, 506 और 504 के तहत केस पंजीकृत किया गया है। जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।