धौलीनाग मंदिर की 22 हाथ लंबी मशाल से की परिक्रमा
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर जिले के कांडा में अश्विन नवरात्र की पंचमी के दिन विजयपुर के धौलीनाग मंदिर में भव्य मेले का आयोजन किया गया। दोपहर से देर शाम तक सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाया। मेले का मुख्य आकर्षण 22 हाथ लंबी मशाल (जिसे राखा के नाम से जाना जाता है) रही।
मंगलवार को मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान धौलीनाग को खीर का भोग लगाया। शाम को 22 गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मशाल या राखा लेकर मंदिर में पहुंचे। मड़ गांव से ग्रामीण चीड़ के छिलकों की मशाल के साथ आठ किमी पैदल चलकर मंदिर पहुंचे।
अंधेरा होने के बाद मशाल को प्रज्वलित किया गया। धपोलासेरा, कांडा, पोखरी, खंतोली, मिथुनकोट, विजयपुर, ढपटी, नागकन्याल, कभाटा, रिखाड़ी, गोपेश्वर, भंडारीसेरा आदि गांवों के लोगों ने बारी-बारी से मशाल लेकर मंदिर की परिक्रमा की। इस दौरान देव डांगरों ने अवतरित होकर लोगों को सुख और सौभाग्य का आशीर्वाद दिया।
इससे पूर्व मंदिर परिसर में दिन के रात तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। लोक कलाकार कमला देवी, किशन सिंह दानू, अजय चंदोला आदि ने मुख्य मंच से कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोहा। बुधवार की सुबह चार बजे तक मंदिर में मेला चलता रहा। इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष भवान सिंह धपोला, पुजारी अमर सिंह धामी, गणेश सिंह धामी, हरीश चंदोला, गणेश धामी, रमेश चन्दोला, हेम पंत, गोविंद भंडारी, संजय साह जगाती, दीप कांडपाल, जगदीश राणा, शेर सिंह धपोला, प्रह्लाद तिवारी आदि रहे।