बागेश्वर। नगर में बारिश बंद होने के बाद ही बिजली सप्लाई बहाल हो पाई। यूपीसीएल के जेई मदन जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई बारिश के दौरान दुग नाकुरी तहसील क्षेत्र बनलेख के ग्राम होराली में 11 केवी लाइन की लाइन में खराबी आ गई थी। इस कारण बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक 50 से अधिक गांवों में बिजली गुल रही। वहीं कौसानी क्षेत्र के जेई राजेंद्र सिंह बोरा ने बताया कि बृहस्पतिवार को बिजली गिरने से पावर हाउस का पैनल फुंक गया। इससे करीब डेढ़ लाख रुपये की क्षति हुई। इस दौरान बृहस्पतिवार को छह घंटे तक कौसानी क्षेत्र की बिजली ठप रही थी। ग्राम हथरसिया पचार निवासी चंद्रशेखर पांडे ने यूपीसीएल के इंजीनियरों से अनवरत बिजली दिलाने के लिए डबल सर्किट लाइन बनाने की मांग की है। ब्यूरो