बागेश्वर/कपकोट। सूरत की अदालत से दो साल की सजा के बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद किए जाने से कांग्रेसियों में आक्रोश है। कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई को भाजपा की बौखलाहट और केंद्र सरकार की तानाशाही करार दिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर केंद्र सरकार का पुतला फूंक कर फैसले पर विरोध जताया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में अडानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिश्ते को लेकर सवाल उठाए थे। कैंब्रिज विश्वविद्यालय में देश के वर्तमान हालात उठाए थे। बौखलाहट में एक पुराने मामले में सजा दिलवाकर उनकी लोकसभा सदस्यता को समाप्त किया गया है। पुतला फूंकने वालों में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, राजेंद्र टंगड़िया, गीता रावल, सुनीता टम्टा, लक्ष्मी धर्मशक्तू, रंजीत दास, कवि जोशी, सुनील भंडारी, देवेंद्र परिहार, भगवत रावल, भीम कुमार आदि मौजूद रहे।
इधर कपकोट में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक अध्यक्ष दीपक गढि़या के नेतृत्व में सरयू पुल तिराहे पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि केंद्र सरकार राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से डरी हुई है जिस कारण बौखलाहट में इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। पुतला फूंकने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, प्रकाश कांडपाल, दीपक ऐठानी, प्रवीण ऐठानी, डुंगर सिंह, उमेद गढि़या आदि मौजूद रहे। संवाद
अल्मोड़ा में कांग्रेसियों ने मशाल जुलूस निकाला
अल्मोड़ा/चौखुटिया। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता भंग करने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में मशाल जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला गई है। इसी द्वेष में उसने उनकी सदस्या भंग की है जो लोकतंत्र की हत्या है। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा विपक्ष की आवाज को दबाना चाह रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज व विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस कार्यालय से मुख्य बाजार होते हुए अलेक्जेंडर गेट तक मशाल जुलूस निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाया जा रहा है। लोकसभा सदस्य राहुल गांधी ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा निकाली। इसी बौखलाहट में मोदी सरकार ने उनकी सदस्यता भंग कर दी है।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। वहां पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, तारा चंद्र जोशी, पूरन रौतेला, त्रिलोचन जोशी, मनोज बिष्ट, रोहन कुमार, निर्मल रावत, गोविंद प्रसाद, अमित बिष्ट, नितिन रावत, दिनेश आर्य, अजय कुमार, पंकज कार्की, सोनू राठौर, परितोष जोशी, संजू सिंह, दीपेश कांडपाल, बालकृष्ण पांडे, एनडी पांडे, जया जोशी, सुनील कर्नाटक, नमित जोशी, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।
इधर चौखुटिया में कांग्रेस ने क्रांतिवीर चौराहे पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। वहां ब्लाॅक अध्यक्ष जीवन नेगी, पीसीसी सदस्य महेश वर्मा, पूर्व प्रमुख एलएस मनराल, मीना कांडपाल, कुबेर कठायत, विनोद आर्या, नगर अध्यक्ष रघुवर मेहरा, हीरा सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।