जेसीबी की चपेट में आने से मौत की कही जा रही बात
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। विधायक पार्वती दास के वाहन चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस जेसीबी की चपेट में आने से चालक की मौत होने की बात कह रही है, लेकिन हादसा कैसे हुआ इसको लेकर स्पष्ट नहीं है। शुक्रवार देर शाम उनका सरयू-गोमती के तट पर स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
इन दिनों कांडा मोटर मार्ग से गढि़याचौंरा के लिए सड़क कटान का कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की रात को भी सड़क पर काम चल रहा था। चालक दिनेश जोशी (32) पुत्र कैलाश चंद्र जोशी, निवासी गढि़याचौंरा, गोगिनापानी जेसीबी की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है। संभवत: जेसीबी की चपेट में आने से युवक को गहरी चोट लगने से मौत हुई है। हालांकि मौत के असल कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इधर, सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि फिलहाल मामले में मृतक के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिली तो पुलिस मामले की जांच करेगी।
इनसेट
गर्भवती है पत्नी, चार साल का बेटा भी है
बागेश्वर। मृतक दिनेश का चार वर्षीय एक बेटा है। पत्नी दीपा देवी गर्भवती हैं। जल्द ही उनके परिवार में किलकारी गूंजने वाली थी, लेकिन असमय हादसे से परिवार स्तब्ध है। दिनेश वर्ष 2014 से विधायक का वाहन चला रहे थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. चंदन राम दास के समय से वह विधायक के वाहन को चलाकर परिवार का खर्चा चला रहे थे। दिनेश की मौत से पत्नी के सामने रोजी-रोटी का भी संकट पैदा हो गया है।