एक ओर भरतपुर के पनरगांव तोक पेयजल संकट गहराया हुआ है। दूसरी ओर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी गधेरे में बर्बाद हो रहा है। शिकायत के बावजूद योजना का सुधार नहीं करने से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। पनरगांव तोक के ग्रामीणों को जरूरत का पानी नहीं मिल पा रहा है। गांव के लिए बनी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से योजना का पानी मार्ग में ही बर्बाद हो रहा है। पेयजल योजना में सुधार के लिए ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीण विजय सिंह, तारा देवी, बहादुर सिंह, रेखा भंडारी, ललिता, प्रेमा, राधा, तुलसी देवी, पूजा, भावना, संजय सिंह, हरीश सिंह आदि का कहना है कि उनके पेयजल टैंक से धारपाट, भयूड़ा, भरतपुर को कनेक्शन दिए गए हैं। इसके चलते उन्हें जरूरत का पानी नहीं मिल पाता है। योजना का आधा पानी मार्ग में ही बह रहा है। ग्रामीणों ने धारपाट वाले कनेक्शन को कांडाधार वाले दूसरे टैंक से जोड़ने की मांग उठाई है।