बागेश्वर के भाटनीकोट में जन समस्याएं सुनते डीएम अनुराधा पाल। संवाद
बागेश्वर। भाटनीकोट में खड़िया खनन पट्टा स्वीकृत होने से पहले जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने गांव में जाकर जन सुनवाई की। जन सुनवाई के दौरान आपत्तियों के साथ ही सुझाव भी लिए।
जन सुनवाई में मौजूद हरीश सिंह खेतवाल ने कहा कि ग्रामसभा में खनन पट्टा स्वीकृत होने से गांव का आर्थिक विकास होने की उम्मीद है। सावित्री खेतवाल ने कहा कि खान स्वामी खनन के बाद खेतों को पूर्ववत बना कर दें। उन्होंने स्थानीय लोगों को रोजगार देने, समूह की महिलाओं के माध्यम से पौधे लगाने का भी सुझाव दिया। दीवान सिंह खेतवाल ने खनन क्षेत्र तक सड़क बनाने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार देने का सुझाव दिया।
खनन पट्टा परियोजना प्रस्तावक मैसर्स डीकेडी माइंस की ओर से खनन पट्टा क्षेत्र, प्रस्तावित सोप स्टोन उत्पादन, वित्तीय और सामाजिक लाभ, पर्यावरण स्थिति, पौधारोपण के बारे में जानकारी दी गई। खनन में 42 लोगों को रोजगार दिया जाएगा। परियोजना के तहत गांव के विद्यालयों, धार्मिक स्थलों का रख-रखाव किया जाएगा। सोलर लैंप, सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे। जल स्रोत संवर्द्धन के साथ ही रास्तों का रख-रखाव किया जाएगा।
डीएम ने खनन पट्टा परियोजना प्रस्तावक को जनता को विश्वास में लेते हुए मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत के दो प्राथमिक विद्यालय और दो आंगनबाड़ी केंद्रों को विकसित करने के निर्देश दिए।