कपकोट तहसील परिसर में धरना देते पोथिंग के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। सड़क, अस्पताल, संचार और स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेेकर पोथिंग ग्राम पंचायत के लोगों ने सोमवार को कपकोट तहसील परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया।
तहसील मुख्यालय पहुंचे पोथिंग के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि चीराबगड़-पोथिंग मोटर मार्ग बदहाल है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। निकास नाली, स्क्रबर, पुल न होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खतरे की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों में क्रश बैरियर नहीं लगाए गए हैं। सड़क की बदहाली से असहाय, बीमार लोगों को चीराबगड़ पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि तहसील मुख्यालय से मात्र सात किमी की दूरी पर स्थित इलाके में संचार सुविधा नहीं है। कहा कि सरकार और प्रशासन इलाके की दो हजार की आबादी की अनदेखी कर रहा है। क्षेत्र के लोगों ने समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेश गढ़िया, ग्राम प्रधान पुष्पा देवी, दीपक गढ़िया, नंदन सिंह, कमलेश गढ़िया, भगत सिंह आदि थे।