काफलीगैर में शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान प्रदर्शन करते क्षेत्रवासी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काफलीगैर के लोग मंगलवार को दूसरे दिन भी धरने पर डटे रहे। शिक्षकों की तैनाती कर भवन सुधारने के आश्वासन पर शाम को ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया।
काफलीगैर तहसील क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने, विद्यालयों के जर्जर और पुराने भवनों की मरम्मत, शौचालय और पेयजल का उचित प्रबंध करने के लिए ग्रामीणों ने धरना दिया। कई गांवों के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन को समर्थन दिया। धरने के पहले दिन क्षेत्र के लोगों ने सोमवार को एसडीएम हर गिरी को भी बैरंग लौटा दिया था। इसलिए मंगलवार को एसडीएम हर गिरि की मौजूदगी में सीईओ गजेंद्र सौन ने शिक्षकों की जल्द तैनाती कर बजट मिलने पर अन्य समस्याएं भी सुलझाने का आश्वासन दिया। इस आधार पर ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमल किशोर, व्यापार मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह, ग्राम प्रधान महेंद्र प्रसाद, नंदन सिंह गैड़ा, बहादुर सिंह कार्की, महेश प्रसाद, अर्जुन लाल, नंदन सिंह करायत, नवीन चंद्र जोशी, दरवान सिंह रौतेला आदि रहे।