बागेश्वर में लोनिवि के अभियंता को ज्ञापन देते कांग्रेसी। संवाद
बागेश्वर। नगरपालिका क्षेत्र में बनी बाईपास सड़कों पर डामरीकरण, बाजार की सड़कों में नाली निर्माण आदि की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने लोनिवि कार्यालय में ज्ञापन दिया। कार्यकर्ताओं ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। शनिवार को कांग्रेस के जिला संगठन महामंत्री कवि जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोनिवि कार्यालय में सहायक अभियंता को ज्ञापन दिया। कार्यकर्ताओं ने मेहनरबूंगा बाईपास में डामरीकरण, प्रभावितों को मुआवजा देने, पालनीकोट-मजियाखेत बाईपास का चौड़ीकरण, डामरीकरण कराने, विवेकानंद विद्यालय को जाने वाली सड़क में चौड़ीकरण, डामरीकरण और निकास नाली बनाने, ऐतिहासिक झूला पुल का जल्द खुलवाने, सरयू और गोमती नदी पर बने पुलों के सुधारीकरण, केमू स्टेशन से एसबीआई तिराहे तक निकास नालियों का निर्माण कराने, गांधी आश्रम के समीप बंद पड़े कलमठ को खुलवाने, सीएमओ कार्यालय के समीप से मुख्य सड़क पर निकास नाली का निर्माण करवाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर 11 दिनों में समस्याओं के निदान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर कुंदन गिरी, जयदीप कुमार, गणेश कुमार, दिव्यांशु कुमार, संस्कार भारती, संजय जोशी, चंदन कोरंगा, रिजवान खान आदि मौजूद रहे।