बागेश्वर। जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पिछले 20-25 वर्षों से सेवाएं दे रहे श्रमिकों ने अपनी लंबित समस्याओं का समाधान न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। संघ ने ईई को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बुधवार को जल संस्थान के कार्यालय में संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट और सचिव नवीन चंद्र पांडेय के नेतृत्व में ईई को दिए ज्ञापन में बताया कि जिले में कार्यरत संविदा श्रमिक दशकों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने महीने के वेतन का भुगतान 10 तारीख तक करने, खरहीपट्टी क्षेत्र के आउटसोर्स कर्मचारियों को बढ़ाए गए वेतन दरों का एरियर देने, क्षेत्र के तीन आउटसोर्स कर्मचारियों का अप्रैल 2024 से अक्तूबर 2024 तक का रुका वेतन जारी करने की मांग की है।