काफलीगैर में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग को लेकर देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन दे
बागेश्वर। काफलीगैर में डिग्री कॉलेज जल्द खोलने की मांग उठने लगी है। भाजपा नेताओं और खरही मंडल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से भेंट की। सीएम धामी को ज्ञापन देकर डिग्री कॉलेज का नाम दिवंगत मंत्री चंदन राम दास के नाम पर रखने की मांग की। काफलीगैर में डिग्री कॉलेज की स्थापना का मामला सीएम की घोषणा में शामिल है।
भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण के नेतृत्व में विधायक सुरेश गढि़या समेत अन्य भाजपा नेताओं ने सीएम धामी से मिलकर काफलीगैर में डिग्री कॉलेज खोलने को लेकर वार्ता की। भाजपा के जिला मंत्री रवि करायत ने बताया कि सीएम से वार्ता सकारात्मक रही और उन्होंने जल्द डिग्री कॉलेज खुलवाने और दिवंगत मंत्री के नाम पर रखने की बात कही है।
कहा कि काफलीगैर तहसील क्षेत्र में डिग्री कॉलेज नहीं होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बागेश्वर या अल्मोड़ा की दौड़ लगानी पड़ती है। सीएम धामी ने चार सितंबर 2022 को रोडवेज डिपो के उद्घाटन के समय तत्कालीन परिवहन मंत्री स्व. चंदन राम दास की पहल पर काफलीगैर में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। डिग्री कॉलेज खोलने का मामला शासन स्तर पर लंबित है। हालांकि डिग्री कॉलेज की शुरुआत कब होगी इसको लेकर फिलहाल कुछ तय नहीं है।
भाजपा नेताओं ने इसी सत्र में काॅलेज का शुभारंभ करवाने की मांग की है। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, राजेंद्र राठौर, गौरव कुमार दास, भूपाल रौतेला, जिपं सदस्य नरेंद्र लाल, चंदन रावत, भाष्कर दास आदि मौजूद रहे।