बागेश्वर। कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर रीमा में 20 बेड का अस्पताल स्वीकृत कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र में दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र के रीमा में चल रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर सीएचसी बनाने की भी मांग उठाई है।
जिले में वर्तमान में एक जिला अस्पताल के अलावा कपकोट, गरुड़ और कांडा में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित हैं। दुग नाकुरी तहसील के लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे की सुविधा के लिए जिला अस्पताल आना पड़ता है। क्षेत्रवासी लंबे समय से क्षेत्र में एक सीएचसी की स्थापना करने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक गढ़िया के क्षेत्र भ्रमण के दौरान भी लोगों ने इस समस्या को उठाया। विधायक ने अस्पताल के मामले को प्राथमिक कार्यों में शामिल करते हुए सीएम को पत्र लिखा है।
विधायक गढ़िया ने बताया कि जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार लाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। सीएचसी कपकोट में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती कर दी गई है। नई एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
तीन सड़कों के सुधारीकरण का प्रस्ताव सीएम के समक्ष रखा
बागेश्वर। बालीघाट-धरमघर, कपकोट-कर्मी और सौंग-मुनार सड़क का जल्द ही सुधारीकरण होगा। विधायक सुरेश गढ़िया का कहना है कि तीनों सड़कों के सुधारीकरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखा गया है। सीएम ने सड़कों के सुधारीकरण के लिए बजट अवमुक्त कराने का आश्वासन दिया है।