जोशीमठ के हेलंग की घटना के दोषियों के खिलाफ कारवाई की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौपते गरुड़ ल?
- फोटो : GARUD
बागेश्वर/गरुड़। जोशीमठ के हेंलग में घास ले जा रहीं महिलाओं से बदसलूकी और पुलिस की ज्यादती से जनता आक्रोशित है। कई लोगों ने इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
सवाल संगठन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जोशीमठ के हेलंग में घास लेकर आ रहीं महिलाओं को रोकने की जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है। सवाल संगठन के अध्यक्ष रमेश पांडेय कृषक ने एसडीएम कार्यालय में पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि हेलंग गांव में घास ला रहीं महिलाओं के साथ पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों की बदसलूकी का वीडियो वायरल हो रहा है। यह घटना दुुुुर्भाग्यपूर्ण हैं। प्रदेश के वाशिंदों को उनके हक हकूक से जबरन वंचित रखने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं कत्यूर घाटी गरुड़ के विभिन्न संगठनों ने सीएम के नाम का ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपा। संदन मिश्रा के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग हेलंग की घटना के संबंध में तहसील मुख्यालय पहुंचे। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने महिलाओं से ज्यादती करने वालों को कड़ी सजा दिलाने और बांध निर्माण कंपनी की जांच कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में किसान क्लब देवनाई के अध्यक्ष सुंदर बरोलिया, भुवन पाठक, कांग्रेस नेता रंजीत दास, लक्ष्मण आर्या, वन पंचायत सरंपच अर्जुन राणा, देवानंद आदि थे।