बागेश्वर। बागेश्वर के उभरते हुए क्रिकेटर उत्तराखंड रणजी टीम के मुख्य तेज गेंदबाज दीपक धपोला अब दलीप ट्रॉफी में अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाएंगे। उनका चयन वर्ष 2022-23 सीजन के लिए सेंट्रल जोन की टीम में हुआ है। वह दलीप ट्रॉफी खेलने वाले उत्तराखंड रणजी टीम के पहले क्रिकेटर होंगे। उनकी उपलब्धि पर बागेश्वर क्रिकेट एसोसिएशन और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।
मूल रूप से बागेश्वर के रहने वाले दीपक धपोला उत्तराखंड रणजी टीम की शुरुआत से लेकर अब तक शानदार प्रदर्शन करते आए हैं। दीपक ने उत्तराखंड क्रिकेट टीम के पहले रणजी सीजन 2018 में शानदार प्रदर्शन कर चर्चा बटोरी थी। उस सीजन वह सर्वाधिक विकेट लेने वालों की सूची में शामिल थे।
उन्होंने साल 2018-2019 सीजन में आठ मुकाबले खेलकर 45 विकेट अपने नाम किए थे। हालांकि चोट के कारण वह अगला सीजन नहीं खेल सके। वर्ष 2021-2022 के रणजी सीजन में फिर से दीपक ने अपना कमाल दिखाया। इस सीजन में उन्होंने चार मुकाबलों में 12 विकेट झटके। धपोला ने उत्तराखंड के लिए आठ वनडे मैच भी खेल चुके हैं। एक दिवसीय मुकाबलों में उनके नाम 14 विकेट हैं।
दीपक ने कहा कि दलीप ट्रॉफी में चुने जाने से वह बेहद उत्साहित हैं। वह पुराने प्रदर्शन को दोहराते हुए अपनी टीम के लिए उपयोगी भूमिका निभाने को पूरी तरह से तैयार हैं और कड़ी तैयारी कर रहे हैं।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के अध्यक्ष सुरेश सोनियाल ने बताया कि दलीप ट्रॉफी आठ से 25 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। दीपक के दलीप ट्रॉफी प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राम चंद्र पांडेय, सचिव रमेश दानू, उपसचिव प्रदीप गढ़िया, हरीश रावल, डॉ. राजेंद्र परिहार, नवीन रावल, रमेश लोहनी, कमल बिष्ट आदि ने खुशी जताई है।