बागेश्वर। जिला मुख्यालय के चंडिका मंदिर के पास पहाड़ी से गिरकर एक व्यापारी की मौत हो गई है। व्यापारी मंदिर के पास ही दुकान चलाते थे।
मूल रूप से फल्टनिया निवासी हरीश चंद्र भट्ट (48) पुत्र धर्मानंद भट्ट शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे चंडिका मंदिर के पास पहाड़ी से खाई में गिर गए। नयाबस्ती की महिलाओं और अन्य लोगों ने उक्त व्यक्ति को पहाड़ी से गिरते देखा। शोर मचने पर भारी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, उसकी मौत हो गई थी। जिस स्थान से व्यापारी गिरे, वहां पर तीव्र ढलान वाली पहाड़ी है। मृतक करीब 200 मीटर नीचे आ गिरा था। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम के साथ ही कोतवाल डीआर वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पंचनामा, पोस्टमार्टम भरकर शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। बताया जा रहा है कि हरीश के पांच बच्चे हैं। हादसा के कारण का पता नहीं चल सका। कोतवाल डीआर वर्मा का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे के कारण का पता चलेगा। हादसे पर कई लोगों ने दुख जताया है। व्यापारी के परिवार को मदद देने की मांग की है।