सरयू नदी किनारे मिला युवक का शव
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर जिले के कपकोट में भराड़ी के समीप खाईबगड़ पुल के पास सरयू नदी किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तिमलाबगड़ ग्राम पंचायत निवासी नवीन मर्तोलिया (30) पुत्र हरीश मर्तोलिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने खाईबगड़ पुल के पास सरयू नदी किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस व प्रशासन को दी।
सूचना मिलने पर कपकोट के तहसीलदार विभागीय टीम और पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को किनारे से उठवाकर शिनाख्त की कार्रवाई पूरी की। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।