बागेश्वर। जिले के खुनौली के थकलाट स्थित कुल देवता हरज्यू के मंदिर में 11 दिनी वैसी की धूम मची हुई है। वैसी में देर रात तक धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। कई गांवों के लोग वैसी में जुट रहे हैं। देव डांगर वैसी में पहुंच रहे लोगों की जिज्ञासा शांत कर रहे हैं।
हरज्यू मंदिर में 28 नवंबर को वैसी का शुभारंभ हुआ। नित्य सुबह, दोपहर और शाम को हर्यू मंदिर के साथ ही धूनी की आरती हो रही है। मंदिर के पुजारी गणेश कांडपाल, पंडित प्रकाश चंद्र उपाध्याय की देखरेख में नित्य पूजा संपन्न कराई जा रही है।
देव डांगर लीलाधर कांडपाल, केवलानंद कांडपाल, शंकर भट्ट, राजू कांडपाल लोगों की जिज्ञासाओं को शांत कर रहे हैं। लोग दूर-दूर से देव डांगरों के पास घरेलू समस्या लेकर आ रहे हैं। देव डांगर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
वैसी में लोक संस्कृति और धर्म-कर्म की बयार बह रही है। शनिवार की रात भास्कर भौर्याल ने झोड़ा गायन किया। वैसी का समापन आठ दिसंबर को भंडारे के साथ होगा।
व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे एडवोकेट कांडपाल
बागेश्वर। 11 दिनी वैसी की व्यवस्थाओं का जिम्मा एडवोकेट गिरीश कांडपाल संभाल रहे हैं। एडवोकेट कांडपाल के नेतृत्व में थकलाट के हरज्यू मंदिर के साथ ही गोलज्यू मंदिर को भव्य रूप दिया गया है। दोनों मंदिरों को सुविधा संपन्न बनाया है। गोलज्यू के मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवास गृह बनाया गया है। वैसी में शिरकत करने बाहरी क्षेत्र से आने वाले लोगों को आवासगृह में टिकाया जा रहा है। वैसी में भंडार का जिम्मा नंदा बल्लभ शर्मा संभाल रहे हैं। खुनौली गांव के लोग वैसी को सफल बनाने में दिनरात जुटे हुए हैं। संवाद
गैराड़ के सैम मंदिर में दस दिनी नवरात्र का समापन
बागेश्वर। गैराड़ के सैम मंदिर में 24 नवंबर से शुरू हुए 10 दिनी नवरात्र का भंडारे के साथ समापन हो गया है। दस दिनों तक चले नवरात्र में क्षेत्र के लोगों ने सैम देवता की आराधना की। इस दौरान लोंगों ने सैम मंदिर में देर रात तक भजन कीर्तन किए और देवडांगरों का भी अवतरण हुआ। ग्राम प्रधान पूजा देवी ने बताया कि गांव में ऐसे धार्मिक आयोजनों से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। भंडारे में पुजारी मदन सिंह नगरकोटी, ग्रामीण पूरन सिंह, गोकुल सिंह, भुवन भट्ट आदि मौजूद थे। संवाद