बागेश्वर के धूराफाट में ओलावृष्टि से खेती को पहुंचा नुकसान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले में बृहस्पतिवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद कई स्थानों पर बारिश हुई। धूराफाट (काफलीगैर) में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। पिछले कई दिनों से जिले में लगातार बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। कपकोट क्षेत्र मेें हाल में हुई ओलावृष्टि से खेती को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद जिला मुख्यालय में करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। काफलीगैर तहसील क्षेत्र के धूराफाट में ओले गिरे। ओलावृष्टि से बौड़ी, हन्यौली, सिया, कठानी समेत 15 गांवों में गेहूं की फसल के साथ ही सब्जी और फलों को नुकसान पहुंचा है। किसान गणेश सिंह, बहादुर सिंह, प्रताप सिंह आदि ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।